देहरादून। डोईवाला में वन विभाग ने दो स्थानों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान 155 बीघा जंगल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। आगे भी यह अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रखने की बात भी वनाधिकारी कह रहे हैं।वन विभाग के अधिकारियों ने डोईवाला के बनबाह बीट एक और नवादा में यह कार्रवाई करते हुए लगभग 155 बीघा जमीन को वन गुर्जरों के अतिक्रमण से मुक्त किया गया है । लच्छीवाला रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। रेंज अधिकारी के मुताबिक एक दिन पहले डोईवाला के बनबाह बीट एक में कार्रवाई की गई थी। जहां वन गुर्जरों द्वारा जंगल की जमीन पर कब्जा किया गया था।
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 125 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। इसके बाद सोमवार को डोईवाला के नवादा क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही के दौरान 30 बीघा जमीन को खाली कराया गया है। खाली कराई गई जमीन पर अब वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कराया जाएगा।रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि दोनों स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 155 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए वन गुर्जरों को चेतावनी दी गई है कि अगर मुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जहां पर भी वन गुर्जरों द्वारा अतिक्रमण किया गया है उन सभी जगहों को खाली कराकर विभाग द्वारा वहां पौधारोपण करने का अभियान चलाएगा।












