देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पंडित दीनदयाल पार्क में स्वच्छता सप्ताह के तहत पार्क में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए 10 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया। वहीं आमजन को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश की 102 निकायों में स्वच्छता का महा आभियान चल रहा है। देश – विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु व पर्यटक उत्तराखंड आते हैं। राज्य का प्रत्येक जिला और पर्यटन स्थल को स्वच्छ व सुंदर रखने की जिम्मेदारी यहां के प्रत्येक व्यक्ति की है।
सीएम धामी ने कहा कि देहरादून को “स्वच्छ दून, सुंदर दून” बनाने के लिए जन भागीदारी से विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत अभियान ने एक बड़े जनांदोलन का रूप लिया, जिसका परिणाम अब दिखने लगा लगा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु आदि मौजूद थे।