उत्तराखंड: उत्तरकाशी जिले के पुरोला में 15 जून को प्रस्तावित महापंचायत पर पुलिस के बाद ग्राम प्रधानों का संगठन बैकफुट पर आ गया, लेकिन अब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल जैसे हिंदूवादी संगठन खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने कहा कि हम लव जिहाद के खिलाफ पुरोला में महापंचायत करेंगे।
एसडीएम देवानंद शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुरोला नगर क्षेत्र में जिला प्रशासन ने आज 14 जून से लेकर 19 जून तक धारा 144 लागू कर दी है। उत्तरकाशी के बॉर्डर को पुलिस ने सील कर दिया है।
एडीजी कानून व्यवस्था वी मुरुगैसन ने बताया कि बाहरी जिलों से महापंचायत के लिए जाने वाले लोगों को पुलिस बॉर्डर पर ही रोकने लगी है। इसके लिए पीएसी फोर्स भी तैनात की गई है। एडीजी लॉ ऑर्डर का कहना है कि कोई भी व्यक्ति अगर धारा 144 का उलंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखण्ड: केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा- खच्चर संचालकों ने यात्रियों से की मारपीट। यह घटना बीती 10 जून की है। इसके बाद 12 जून को पीड़ित ने पुलिस को शिकायत की और मंगलवार को पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देख सकते है कि मार्ग पर खच्चर पर लोग जा रहे है तभी कुछ घोड़ा- खच्चर वाले लाठी से महिला समेत पुरुष पर हमला कर देते है।
वीडियो योगेश
केदारनाथ धाम यात्रा पर आई श्रद्धालु तनुका पौंडार निवासी महिपालपुर नई दिल्ली ने कोतवाली सोनप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई कि वह 10 जून को गौरीकुंड से केदारनाथ यात्रा के लिए पैदल जा रही थी। रास्ते में भीमबली पुल के पास एक घोड़ा बुरी हालत में नीचे गिरा था। इस पर उसने वहां कुछ लोगों से मदद मांगी लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इस दौरान एक व्यक्ति वहां पर अन्य पशुओं को भी पीट रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इस पर घोड़ा संचालकों की भीड़ वहां पर आई और चार से पांच लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता की।
इस बीच बचाव करने आये अन्य सहयोगियों के साथ भी मारपीट की गयी। केदारनाथ से वापस आने पर महिला श्रद्धालु ने कोतवाली सोनप्रयाग में इसकी शिकायत की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग ने मामले की विवेचना करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को चिह्नित किया है। पुलिस ने संबंधित विभाग से इन सभी घोड़े संचालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण करने का अनुरोध किया है।
देहरादून: राजधानी के अधिकांश कवि सम्मेलनों और मुशायरो की शोभा बढ़ाने वाले समाजसेवी कविवर मुनीश चंद्र सक्सेना के 86 वर्ष की आयु में निधन होने पर सामाजिक संस्थाओं ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इनके निधन को साहित्यिक जगत की अमूल्य क्षति बताया है। समाज में अपनी काव्यात्मक कृतियों के माध्यम से मानवता की सेवा और खुशियों की सौगात का संदेश देने वाले सक्सेना चीफ गुडस सुपरिटेंडेंट रेलवे के पद से सेवानिवृत्त होकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ गए थे।उनका अंतिम संस्कार लखीबाग श्मशान घाट में किया गया।
शोक व्यक्त करने वालों में भारत विकास परिषद के रोहित कोयले, सिख वेलफेयर सोसाइटी के अमरजीत सिंह भाटिया, गवर्नमेंट पेंशनर संगठन के चौधरी ओमवीर सिंह, कंज्यूमर सोसायटी के ब्रिगेडियर केजी बहल, संयुक्त नागरिक संगठन के सुशील त्यागी, पर्यावरणविद जगदीश बावला, डॉ कुलदीप दत्ता, डॉक्टर मुकुल शर्मा, होप के योगेश अग्रवाल, आंदोलनकारी विजय पाहवा, डॉक्टर शैलेंद्र कौशिक, महिला मंच की अरुणा थपलियाल, डॉक्टर चित्रगुप्ता, शांति प्रसाद नौटियाल आदि उपस्थित थे।
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में मंगलवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसके अलावा जम्मू- कश्मीर और चंडीगढ़ में भी झटके महसूस किए गए।
जानकारी के अनुसार भूकंप के झटके चीन और पाकिस्तान तक महसूस किए गए हैं।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र जम्मू- कश्मीर के डोडा में था। इसकी गहराई जमीन से 6 किलोमीटर अंदर थी, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.4 थी।
उत्तराखंड: एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने रविवार को आयोजित की गई बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा निरस्त कर दी है। यह परीक्षा 18 जून को पुन: आयोजित की जाएगी।
विवि ने परीक्षा केंद्रों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है। जिन केंद्रों में परीक्षा हुई थी, उन्ही केंद्रों पर दस से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। तय पैटर्न के अनुसार प्रश्न पत्र में फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी, नर्सिंग एप्टीट्यूड व अंग्रेजी के 20-20 प्रश्न होते है। इसमें 80 प्रश्न बायोलॉजी व 20 अंग्रेजी के पूछे गए थे।
फिजिक्स,कैमिस्ट्री व नर्सिंग एप्टीट्यूड का प्रश्न पत्र में एक भी सवाल नही था। जिसकी शिकायत अभ्यर्थियों ने विवि से की थी।
विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमके पंत के अनुसार उक्त परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 13 जून शाम 6 बजे से विवि की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते है। इसमें वही अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्होंने पूर्व में आयोजित परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। और न किसी तरह का शुल्क देना होगा।
ऋषिकेश: संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में एक निजी बस में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही कंपाउंड में अफरा -तफरी मच गई। आग की लपटें उठने से बगल में खड़ी दूसरी निजी बस भी चपेट मे आ गई।
अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन दोनों बसें जलकर राख हो गई। लेकिन पास खड़ी तीसरी बस को आग लगने से बचा लिया गया। आज करीब ढाई बजे संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में रिपेयरिंग के दौरान एक बस ने आग पकड़ ली। मरम्मत में जुटे कर्मचारी आग लगते ही भाग खड़े हुए। आस पास खड़े लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि यह हादसा प्रथम दृष्टया बस में रिपेयरिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुआ। बताया कि बस मालिक हनीफ ने करीब पांच लाख रूपये का नुकसान होना बताया है। फिलहाल विभागीय टीम आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटी है।
देहरादून: मसूरी लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में ट्रेनिंग के लिये आये एसडीएम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बांग्लादेश से मसूरी लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में ट्रेनिंग के लिए आए 45 अधिकारियों में से एक अधिकारी की परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश से आए 45 अधिकारियों के दल रविवार को मसूरी के लाल टिब्बा और धनोल्टी घूमने के लिए गया था। जिसमें से 36 वर्षीय एमडी अलामेन की धनोल्टी से वापस आते हुए अचानक से रास्ते में तबीयत खराब हुई। जिसका उनके सहयोगियों के द्वारा मसूरी के उप जिला चिकित्सालय लाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि एमडी अलामेन बांग्लादेश में एसडीएम के पद पर तैनात था और अपने सहयोगियों के साथ मसूरी लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में आयोजित होने वाली ट्रेनिंग के लिए आए हुए थे। मसूरी
पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
देहरादून: जौलीग्रांट में हिंदू संगठनों ने लव जिहाद को लेकर एक युवक पर आरोप लगाते हुए उसका जौलीग्रांट हिमालय चौक से जुलूस निकाला और जमकर धुनाई कर दी।
युवक पर आरोप लगाया गया कि युवक ने लव जिहाद कर एक मेडिकल की हिंदू छात्रा की अश्लील फोटो आदि ली है। और वह युवती को ब्लैकमेल कर रहा है।
आरोपी का जौलीग्रांट चौक से लेकर कुछ दूरी तक मुख्य मार्ग पर मारपीट करते हुए जुलूस निकाला गया जिसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने थाने जाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल राजेश शाह ने कहा कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच कर कार्यवाही की जाएगी। आरोपी युवक मिस्सर वाला का बताया जा रहा है।
उत्तराखंड शासन के परिवहन विभाग में आज कई अधिकारियों के तबादले हुए हैं। तबादला सत्र के दौरान कई अधिकारियों को अलग अलग जिलों में भेजा गया है। देखें लिस्ट:- .
देहरादून:9 जून 2023 से 11 जून 2023 तक सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून में प्रथम राष्ट्रीय मास्टर्स स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2023 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड की महिला टीम के साथ 24 राज्यों तथा नेपाल की टीमें प्रतिभाग कर रही है। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, शूटिंग तथा फुटबॉल को सम्मिलित किया गया है।
प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, 50 से अधिक आयु वर्ग, 60 से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 85 वर्षीय सेना के पूर्व बॉक्सर श्री जे पी बलूनी जी द्वारा तिरंगा गुब्बारों को आकाश में छोड़ते हुए किया गया। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात है कि इसमें सबसे अधिक आयु वर्ग में गुजरात के 10 नंबर जर्सी के 76 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी श्री रॉय भी अपना दमखम दिखा रहे हैं । इस उम्र में फुटबॉल के पीछे दौड़ते और गोल पोस्ट तक बॉल को कैरी कर ले जाते हुए उनकी चुस्ती और फुर्ती को देखकर कोई भी दांतो तले उंगली दबा सकता है। उल्लेखनीय है कि 60 से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों में लगभग 30 से 40% खिलाड़ी 70 वर्ष से अधिक के हैं। उत्तराखंड महिला वर्ग की टीम का जोश एवं खेल देखने लायक है ।
इस खेल प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा संगीत, खानपान, स्थानीय पकवान, स्थानीय उत्पादों आदि को भी स्थान देते हुए स्टाल लगाए गए हैं। खेलों का समय प्रातः 7:00 से अपराहन 10:00 बजे तक है । इस प्रतियोगिता में डे -नाइट के इवेंट भी सम्मिलित हैं। प्रतियोगिता का आनंद लेने के लिए दर्शकों के लिए ओपन एंट्री है । कोई भी फीस नहीं ली जा रही है ।
इस प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक श्री विपिन बलूनी प्रबंध निदेशक बलूनी क्लासेज एवं सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के साथ ही श्री संतोष बडोनी,डॉ सुशील राणा, श्री पंकज नौटियाल, श्री मोइन खान, श्री अजय बहुगुणा आदि प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। श्री कविलास नेगी, श्री अक्षय पुरोहित, श्री सोहन नेगी, कु तृप्ता आदि का इवेंट मैनेजमेंट तारीफ ए काबिल है । मुझे इस प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ। सीनियर आयु वर्ग के खिलाड़ियों के जोश , उत्साह, टीम भावना एवं खेलों के प्रति प्रेम को देखकर बहुत खुशी तथा प्रेरणा प्राप्त हुई।
उम्मीद है कि आप भी प्रथम राष्ट्रीय मास्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आनंद लेने अवश्य आ रहे होंगे। स्वागत।